नवजीवन हॉस्पिटल में आधुनिक तकनीक से हुई आगर की पहली न्यूरो सर्जरी, सड़क हादसे में घायल हुआ था पीड़ित

विजय बागड़ी, आगर मालवा। नवजीवन हॉस्पिटल आगर में गुरुवार को आगर जिले का संभवतः पहली बार मस्तिष्क का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया है। 55 वर्षीय भगवान सिंह पिता कनीराम निवासी भीमपुर को सड़क दुर्घटना में मस्तिष्क में चोट के कारण रक्त जमाव हो गया था। भगवान सिंह के पुत्र तूफान सिंह ने उन्हें नवजीवन हॉस्पिटल आगर में भर्ती करवाया, जिसे अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ सचिव रावल की देखरेख में एवं इंदौर के प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ आलोक गंगराड़े द्वारा आगर में ही सफल ऑपरेशन किया गया। इस सफल ऑपरेशन के बाद मरीज एवं उसके परिजनो ने संतुष्ट होकर डॉक्टरों का धन्यवाद किया।
अस्पताल संचालक हिमांशु पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों से नवजीवन हॉस्पिटल ने अनेक जटिल ऑपरेशन, जटिल प्रसव एवं गंभीर हृदय रोगियों के लिए चिकित्सा कर सफलता के नए मापदंड स्थापित किए है। पाठक ने आगर जिलेवासियों के गंभीर से गंभीर मामलों में नवजीवन हॉस्पिटल पर बढ़ते विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया है।