बकाया राशि के मामले में बालाजी कृषि सेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार, गैरजमानती वारंट पर हुई कार्रवाई
आगर मालवा। एडवांस पेस्टीसाइड्स की बकाया राशि का भुगतान नहीं करने से जुड़े मामले में बालाजी कृषि सेवा केंद्र के संचालक कमल सिंह तंवर के खिलाफ न्यायालय द्वारा जारी गैरजमानती वारंट की पंचवटी पुलिस ने तामील कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 7वें अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय के समक्ष पेश किया। जमानत की आवश्यक पूर्ति नहीं होने पर न्यायालय ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारागृह भेजने के आदेश दिए।यह कार्रवाई संक्षिप्त फौजदारी खटला क्रमांक 1380/2024 से संबंधित है। एडवांस पेस्टीसाइड्स की ओर से बालाजी कृषि सेवा केंद्र के प्रोपराइटर कमल सिंह तंवर के विरुद्ध कंपनी की बकाया राशि का भुगतान नहीं करने के संबंध में न्यायालय में प्रकरण दाखिल किया गया था।
– न्यायालय के निर्देश पर वारंट की तामील
मामले की न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आरोपी के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी किया गया था। वारंट की तामील के लिए शिकायतकर्ता की ओर से न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन पर विचार करने के बाद न्यायालय ने पंचवटी पुलिस स्टेशन को वारंट की नियमानुसार तामील के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश के पालन में पंचवटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमल सिंह तंवर को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।
– जमानत की पूर्ति नहीं होने पर भेजा जेल
न्यायालय में पेशी के दौरान आरोपी की जमानत संबंधी कार्यवाही हुई। आवश्यक जमानत पूर्ति नहीं होने पर न्यायालय ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इसके बाद आरोपी को केंद्रीय कारागृह भेज दिया गया। मामले में आगे की न्यायालयीन कार्यवाही जारी है।
