हैवानियत: आगर जिले में युवक पर हुआ हमला, प्राइवेट पार्ट काटकर लिया अवैध संबंध का बदला

विजय बागड़ी, आगर मालवा। आगर जिले के ग्राम नाना देहरिया में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंधों के शक में एक 35 वर्षीय युवक पर 5 से 6 लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला किया और उसका प्राइवेट पार्ट काट डाला। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का विषय बनी हुई है।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सुसनेर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।सुसनेर थाना प्रभारी केसर सिंह राजपूत ने बताया कि हमले की वजह पुरानी रंजिश और अवैध संबंधों को लेकर विवाद बताया जा रहा है। करीब छह महीने पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी और झगड़ा हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल हरकत में आकर पीड़ित पक्ष की तहरीर पर जीरो पर कायमी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस ने उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा जताया है।